State General Secretary of CDF UP accused of crores of scam

CDF यूपी के प्रदेश महामंत्री पर करोड़ों के घोटाले का आरोप


12 जनवरी संस्था के पदाधिकारी बैठक कर महामंत्री को कर सकते हैं निष्कासित



वाराणसी/भदैनी मिरर। केमिस्ट व ड्रगिस्ट फेडरेशन यूपी के प्रदेश संगठन मंत्री सुधीर अग्रवाल ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री सुरेश गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सुरेश गुप्ता द्वारा संस्था के नाम पर आने वाले पैसे का फर्जी बिल बनवाकर वर्षों से करोड़ों रुपये का घोटाला कर रहे हैं। जिसके खुलासे के बाद दवा व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है। संगठन मंत्री सुधीर अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में सुरेश गुप्ता के खिलाफ गाजियाबाद के थाने में मुकदमा भी दर्ज है। फिलहाल सुरेश गुप्ता जमानत पर बाहर हैं। सुधीर ने बताया कि सुरेश के इस कृत के कारण संस्था के पुराने व निष्ठावान दवा व्यापारी धीरे-धीरे संस्था से किनारा कर रहे हैं। उन्होंने बताया संस्था के करोड़ो रूपये गबन से पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि जब पदाधिकारियों ने सुरेश गुप्ता से संस्था का लेखा-जोखा मांगा तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लेखा-जोखा देने से इनकार कर दिया। सुधीर ने बताया की सुरेश गुप्ता पूर्व में भी विवादों में रहे हैं। जो भी इनके खिलाफ चुनाव लड़ता है उसे बिना किसी कारण ही संस्था से बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि सम्बंधित संस्थाओं से अब तक सुरेश गुप्ता के खिलाफ कई शिकायत पत्र प्राप्त हो चुके हैं। जिसे लेकर आगामी 12 जनवरी को वाराणसी में सीडीएफ यूपी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरेश गुप्ता को सर्व सहमति से संस्था स निष्कासित करने का निर्णय लिया जाएगा।